नशे के खिलाफ हरिद्वार में जनजागरण की हुंकार
बारिश के बावजूद सैकड़ों युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय लोगों ने की भागीदारी, नशामुक्त हरिद्वार के लिए जनक्रांति का आह्वान
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार की पवित्र मर्यादा को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचाने तथा युवाओं की दशा और दिशा को लेकर सावक मंच के तत्वावधान में सेवासमिति भवन में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने किया।
भारी बरसात के बावजूद गोष्ठी में हरिद्वार के सैकड़ों युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। वक्ताओं ने नशे के बढ़ते प्रभाव को युवाओं, परिवारों और समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ व्यापक जनजागरण और सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि हरिद्वार केवल एक शहर नहीं, बल्कि देश-दुनिया की आस्था का प्रमुख तीर्थ है। ऐसे में नशे का बढ़ता प्रभाव तीर्थनगरी के सामाजिक वातावरण और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए चिंता का विषय है।
वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। इसमें संत समाज, शिक्षाविद, अधिवक्ता, सामाजिक संगठन, युवा, मातृशक्ति और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
प्रमुख शिक्षाविद एवं एसएम जैन पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अशोक मिश्र ने कहा कि तीर्थनगरी को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में जिस प्रकार सैकड़ों लोगों का जनसमर्थन सामने आया है, वह इस बात का प्रमाण है कि नशे के खिलाफ एक व्यापक जनजागरण की शुरुआत हो चुकी है।
उन्होंने सावक मंच के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज को मिलकर सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा।
उदासीन अखाड़े के सचिव रघुवीर दास महाराज ने कहा कि चंद्रमोहन कौशिक लंबे समय से हरिद्वार की जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करते रहे हैं। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय जनता का उन्हें समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी की पवित्रता और मर्यादा तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए संत समाज नशाविरोधी अभियान के साथ खड़ा है।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सभासद डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि यदि जनमानस किसी कार्य को करने का संकल्प ले ले तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंद्रमोहन कौशिक एवं सावक मंच को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बार काउंसिल के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष त्यागी ने कहा कि तीर्थनगरी हरिद्वार को नशामुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशा धर्मनगरी के सामाजिक वातावरण और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को पतन की ओर ले जाने वाले नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समाज को दृढ़ संकल्प के साथ आगे आना होगा।
उन्होंने चंद्रमोहन कौशिक और सावक मंच के नशाविरोधी अभियान को पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने की घोषणा की।
सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कार्यक्रम में पहुंचे सैकड़ों युवा साथियों, मातृशक्ति और हरिद्वार की जनता का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी और उनका स्नेह एवं सहयोग ही अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन और सहयोग से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा तथा तीर्थनगरी की पवित्रता, मर्यादा और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशामुक्त हरिद्वार का संकल्प लिया गया है।
इस दौरान युवाओं और मातृशक्ति ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि उपस्थित सैकड़ों युवाओं और मातृशक्ति ने तीर्थनगरी हरिद्वार को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
गोष्ठी में इस बात पर जोर दिया गया कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल विरोध पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा, खेल, रोजगार, सकारात्मक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना भी जरूरी है।
गोष्ठी में वक्ताओं ने नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, परिवारों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक संस्थाएं और प्रशासन—सभी को मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सावक मंच के जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, महामंत्री विशाल यादव, शरद अग्रवाल, शिवम कौशिक, सनी भाटिया, पीयूष कौशिक, अनिल सिंघल, अनुपम भाटिया, चंद्रशेखर कौशिक, शरद शर्मा व्यास, पार्थ शांडिल्य, चंद्रकांत कौशिक आदि ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को तरुणा चोपड़ा, रश्मि पेवाल, सपना शर्मा, रश्मि कौशिक, अंशु शर्मा, निवेदिता, डॉ. अजय पाठक, लव दत्ता, राहुल चौधरी, तस्लीम कुरैशी, विपिन सती और संदीप मेहता सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या कार्यक्रम में राजू बक्शी, सुमित वशिष्ठ, मुकेश आहुजा, पार्थ शांडिल्य, पंडित गंगा शर्मा, अजय जोशी, कपिल जौनसारी, जितेंद्र सैनी, अरविंद खनेजा, अनुज बिश्नोई, प्रवीण भाटिया, मनीष रस्तोगी, नवीन भाटिया, रोहित पेबल, गोपाल दास गोस्वामी, जितेंद्र यादव, भजन सिंह, सुनील कोरी, पंडित सुनील शर्मा, विनीत भाटिया, मनोज कुमार, योगेंद्र शर्मा, नवीन शर्मा, विकास राजपूत, नरेश शर्मा, विशाल सैनी, दुर्गेश पंजवानी आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
