
बकाया राशि वसूली को लेकर मेयर को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
राज्य आंदोलनकारी सुरेन्द्र सैनी ने बकाया राशि वसूली को लेकर मेयर को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
हरिद्वार। बुधवार को मनसा देवी रोपवे कंपनी उषा ब्रेको से बकाया राशि वसूली को लेकर एक बार मामला फिर से गर्मा गया हैं। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी ब्रह्मपुरी निवासी सुरेन्द्र सैनी ने नगर निगम से मनसा देवी रोप वे का संचालन कर उषा ब्रेको कंपनी के बकाया राशि एवं लीज अनुबंध के विषय में पांच बिन्दुओं पर जानकारी मांगी थी।
मिली जानकारी में अहम तथ्य उजागर हुए हैं। नगर निगम लोक सूचना अधिकारी ने दी गई जानकारी में बताया हैं कि मंशा देवी मंदिर पर रोप वे संचालन करने वाली कंपनी पर 77 लाख 77 हजार 224 रूपए की बकाया राशि शेष हैं। जिसके लिए सहायक नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार द्वारा 13 दिसम्बर 2024 को रोप वे कंपनी को बकाया राशि जमा किए जाने के लिए एक पत्र प्रेषित किया था। लेकिन नगर निगम द्वारा कंपनी को बकाया राशि वसूली के लिए प्रेषित पत्र की लगभग चार महीने की समयावधि बीत जाने के पश्चात भी कंपनी ने वर्तमान तिथि तक लाखों की बकाया राशि नगर निगम खाते में जमा नहीं कराई गई हैं। जबकि रोप वे कंपनी की लीज कंपनी 10 अप्रैल 2025 को समाप्त होने जा रही हैं।
अब इस मामले को लेकर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सुरेन्द्र सैनी ने मेयर किरण जैसल को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया हैं कि नगर निगम मंशा देवी उड़न खटोला कंपनी से लाखों की बकाया राशि वसूल की जाए और साथ ही 10 अप्रैल 2025 को रोप वे लीज समाप्ति पश्चात उड़न खटोले का संचालन स्वयं नगर निगम संचालित करने की मांग करते हुए अन्य बिन्दुओं में उन्होंने रोप वे कंपनी के वाहनों के द्वारा हिल बाई पास में सरकारी संपत्ति का व्यवसायिक इस्तेमाल किए जाने पर पर कार्रवाही की मांग की हैं साथ ही निगम की आय में वृद्धि किए जाने को लेकर उड़नखटोले कंपनी के प्रति टिकट पर मिलने वालीे 6 रूपए की धनराशि को बढाकर 20 रूपए किए जाने की मांग की हैं।
सुरेन्द्र सैनी का कहना कि नगर निगम हरिद्वार में चुनकर आए जन सेवक आखिर उड़नखटोला मामले में क्यों खमोश हैं, समझ से परे हैं। वह कहते हैं कि कुछ समय हो हल्ला होता हैं परन्तु कुछ समय बाद ही मामला अचानक से शांत हो जाता हैं। सैनी बातों ही बातों में पूरे मामले में दाल में काला होने से भी इंकार नहीं करते हैं।